क्या आप जानते हैं कि आप तक पहुँचने वाली मछली कहाँ से आती है?
This post has been translated from English to Hindi. You can find the original post here. Thanks to Tipping Point Private Foundation for generously funding this translation work.
“द गॉडफ़ादर” और “द सोप्रानोस” जैसी बेहतरीन फ़िल्मों और टीवी शोज़ ने हमें संगठित अपराध से वाकिफ़ कराया। संगठित अपराध एक अंतरराष्ट्रीय समस्या है और इन गतिविधियों के लिए दुनिया के महासागर असीमित संभावनाएँ प्रदान करते हैं। उनके आकार और गहराई के साथ-साथ इस तथ्य के कारण कि दुनिया के महासागरों के बड़े हिस्से किसी एक देश के अधिकार क्षेत्र में नहीं हैं, इसे छुपाना आसान बना देते हैं। नतीजतन, संगठित अपराध धोखाधड़ी, नशीले पदार्थों की तस्करी और जबरन श्रम के माध्यम से पूरी दुनिया में मत्स्य पालन उद्योग को कई तरह से प्रभावित करता है।
2018 में, 28 देशों द्वारा समर्थित कोपेनहेगन घोषणा अपनाया गया था, जिसका उद्देश है संगठित अपराध का मुक़ाबला करना ताकि “ब्लू इकॉनमी” (नीली अर्थव्यवस्था) को लंबे समय तक स्थिर बनाकर रखा जा सके। नीति निर्माता, विशेषज्ञ और आम जनता सभी इस बात से अवगत हो रहे हैं कि संगठित अपराध का मात्स्यिकी और उन पर निर्भर समुदायों पर कितना विनाशकारी प्रभाव पड़ता है। इस अध्ययन का लक्ष्य मछली पकड़ने के क्षेत्र में संगठित अपराध से संबंधित मौजूदा जानकारी की समीक्षा करना और इनमें से कुछ मुद्दों को हल करने का सुझाव देना है।
डेटा से पता चलता है कि इससे अर्थव्यवस्था, समाज और पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहे हैं। आधुनिक दौर में, मछली पकड़ने का उद्योग वैश्वीकृत, औद्योगीकृत और अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय बाजारों में एकीकृत है। इस वजह से संगठित अपराध भी इसकी ओर खिंचे चले आते हैं। इस प्रक्रिया के किसी भी चरण में यानी प्रारंभिक तैयारी, समुद्र में, लैंडिंग, प्रसंस्करण, परिवहन, व्यापार और बिक्री के दौरान आपराधिक गतिविधियाँ हो सकती हैं। इसके अलावा, कभी-कभी अपराधी अन्य अवैध गतिविधियों को छुपाने के लिए मछली पकड़ने का कार्य एक आड़ के रूप में उपयोग करते हैं।
मछली पकड़ने के क्षेत्र में किए जाने वाले अपराधों में निम्न शामिल हैं:
- धोखाधड़ी – मछली पकड़ने की गतिविधियों के लिए कई दस्तावेज़ों की आवश्यकता होती है, जिसमें लाइसेंस से लेकर जहाज़ द्वारा पकड़ी गई मछलियों की संख्या के रिकॉर्ड शामिल हैं। जहाज़ का जाली रजिस्ट्रेशन, जिसे “फ्लैग हॉपिंग” के रूप में जाना जाता है, गैरकानूनी गतिविधि में जाँच को भ्रमित कर सकता है। झूठे लाइसेंस, मछली पकड़ने के अधिकार के लिए समुदायों को कानूनी नकदी से वंचित करते हैं। नकली लैंडिंग प्रमाणपत्र के कारण अवैध रूप से पकड़ी गई मछलियाँ वैध स्टॉक का हिस्सा बन सकती हैं। यदि सीमा शुल्क या खाद्य सुरक्षा नियमों से बचने के लिए जहाज़ या मछली की गलत पहचान की जाती या झूठी सूचना दी जाती है तो खाद्य स्वच्छता भी ख़तरे में पड़ सकती है।
- टैक्स की चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग – जहाज़ के झूठे पंजीकरण का उपयोग करके जहाज़ का मालिक टैक्स हेवन में मुनाफ़े का दावा कर सकता है। इसका उन देशों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है जो क़ानूनी रूप से इस आय के हकदार हैं। मछली पकड़ने के उद्योग का उपयोग आपराधिक नेटवर्क द्वारा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की कमाई को मिलाने के लिए भी किया जा सकता है।
- भ्रष्टाचार — अधिकारी अपने पदों का गलत उपयोग करके उन संगठनों को मछली पकड़ने के लाइसेंस जारी कर सकते हैं जिनमें उनकी वित्तीय हिस्सेदारी है। रिश्वत की लालसा अधिकारियों को उल्लंघन के लिए दंड कम करने, गैरकानूनी रूप से मछली पकड़ने को अनदेखा करने या नकली लैंडिंग डेटा को स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित कर सकती है।
- नशीले पदार्थों की तस्करी – क्योंकि समुद्र में उनकी उपस्थिति पर किसी का ध्यान नहीं जा सकता है, मछली पकड़ने वाली नौकाएँ अवैध नशीले पदार्थों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए एक बेहतरीन ज़रिया हैं। वे आसानी से छोटे बंदरगाहों में प्रवेश कर सकते हैं या “तेज़ी से चलने” वाले नावों के ज़रिए तटीय लैंडिंग स्थानों से नशीले पदार्थों को ले जा सकते हैं। इस अवैध कारोबार में हथियारों और लोगों की तस्करी भी शामिल है। इन अवैध गतिविधियों से हिंसा बढ़ सकती है और कंपनी के सुरक्षा खर्च में वृद्धि हो सकती है, जिसका तटीय समुदायों पर प्रभाव पड़ सकता है। ये गिरोह स्थानीय निवासियों को अपने अवैध योजनाओं में शामिल करते हैं और पकडे जाने पर निवासियों को सज़ा का सामना करना पड़ता है जबकि गिरोह के सदस्य भाग जाते हैं।
- श्रम बाजार में अपराध – मत्स्य पालन क्षेत्र में जबरन श्रम और मानव तस्करी व्याप्त है। इन विधियों के माध्यम से, जहाज़ के मालिक कानूनी तौर पर मछली पकड़ने के संचालन की तुलना में कम लागत पर काम करते हैं।
- मत्स्य पालन संबंधी अपराध – कई देशों में अवैध रूप से मछली पकड़ना एक अपराध है। ओवरफिशिंग एक गंभीर समस्या है। यह तटीय देशों को अरबों डॉलर के आय से वंचित करती है और निवासियों के पास अपना पेट भरने के लिए पर्याप्त मछली की कमी हो सकती है। अकेले अफ़्रीका को सालाना आर्थिक और आय के रूप में $9.4 और $17.2 बिलियन के बीच का नुकसान हो रहा है। 2015 के आँकड़ों के आधार पर, संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन ने अनुमान लगाया कि दुनिया भर में मछलियों का 59.9% स्टॉक उचित तरीके से पकड़ा गया था और एक तिहाई मछलियाँ अनुमत संख्या से अधिक पकड़ी गई थीं।
- तस्करी – टैरिफ या अन्य आयात-निर्यात नियमों से बचने के लिए मछली पकड़ने वाली नौकाएँ अन्यथा वैध सामग्री को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने का एक अच्छा ज़रिया प्रदान करती हैं। इसमें अवैध प्रवासी भी शामिल हो सकते हैं, लेकिन इसके प्रमाण कम स्पष्ट हैं।
- समुद्र में सुरक्षा संबंधी ख़तरा – समुद्री डकैती, सशस्त्र डकैती, फिरौती के लिए अपहरण, नशीले पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी और अवैध रूप से मछली पकड़ने जैसी आपराधिक गतिविधियां सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा करती हैं। वे तटीय आबादी की सुरक्षा को ख़तरे में डालते हैं और वस्तुओं की लागत भी बढ़ाते हैं। कानूनी परिवहन पर बीमा लागत अधिक होती है और ख़तरनाक परिस्थितियां जहाज़ों की आवाजाही को बाधित कर सकती हैं।
सतत समुद्री अर्थव्यवस्था के विकास के लिए संगठित अपराध को नियंत्रित करना महत्वपूर्ण है। संसाधनों के दोहन को महासागर की दीर्घकालिक वहन क्षमता के साथ संतुलित किया जाना चाहिए। स्थायी विकास तीन स्तंभों पर टिका हुआ है, जो हैं – आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरण। संगठित अपराध के प्रभाव इनमें से हर क्षेत्र में संतुलन को बिगाड़ते हैं। संगठित अपराध से निपटने के लिए, कानून प्रवर्तन अधिकारियों को साथ मिलकर काम करना चाहिए और देशों के बीच ख़ुफ़िया सूचनाओं का आदान-प्रदान करना चाहिए। हालाँकि, क्योंकि इन अपराधियों को पकड़ना और उन पर मुकदमा चलाना कठिन है, रोकथाम प्राथमिक बचाव होना चाहिए। जब प्रवर्तन कार्यवाही सफल होती है, तो दोष सिद्ध होने पर कठोर दंड दिया जाना चाहिए ताकि वो डर और संभावित बाधाओं के रूप में काम कर सकें और मत्स्य पालन क्षेत्र में वैध कंपनियों को अपने संचालन के बारे में और अधिक पारदर्शी होना चाहिए।
पशु अधिकार कार्यकर्ता इस बढ़ते हुए संकट को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वे मछली पकड़ने के उद्योग में संगठित अपराध के बारे में जागरूकता फ़ैलाने के लिए अभियान शुरू कर सकते हैं, साथ ही मछली पकड़ने वाली कंपनियों को और अधिक सामाजिक ज़िम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वे उन प्रयासों को भी बढ़ावा दे सकते हैं जो समुदाय-आधारित तरीकों को मज़बूत करते हैं और जो स्थानीय निवासियों को आपराधिक उद्यमों में शामिल होने से रोकने के लिए लाभकारी विकल्प प्रदान करते हैं। दुनिया भर में मछलियों की प्रजातियों को समूल नष्ट होने से बचाने के लिए हमें जल्द से जल्द सख्त कदम उठाने की ज़रुरत है।
https://doi.org/10.1038/s41586-020-2913-5
