14 देशों में पशुवधके बारे में धारणाएँ
This post has been translated from English to Hindi. You can find the original post here.
दुनिया भर में (मछलियों को छोड़कर) हर वर्ष 73 अरब से अधिक पशुओं का वध किया जाता है, तथा वध करने के तरीके हर क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग होते हैं। उदाहरण के लिए, दुनिया के कई हिस्सों में, वध से पहले पशुओं की पीड़ा को कम करने के लिए उन्हें बेहोश कर दिया जाता है। वर्तमान विज्ञान यह सुझाता है कि वध से पूर्व पशु को बेहोश करने की क्रिया, यदि सही तरीके से लागू की जाए, तो यह पशुवध प्रक्रिया के दौरान कुछ हद तक कल्याण प्रदान करने की एक सर्वोत्तम प्रथा है। परंतु दुनिया के कुछ हिस्सों में पशुओं का वध पूरी तरह होश में रहते हुए किया जाता है, तथा दुनिया के विभिन्न हिस्सों में पशुवध के बारे में लोगों की धारणा अपेक्षाकृत अज्ञात है। इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने दुनिया भर में पशुवध के बारे में धारणाओं और ज्ञान का आकलन करने का प्रयास किया।
विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने के लिए, शोधकर्ताओं ने अप्रैल और अक्टूबर 2021 के बीच इन 14 देशों में 4,291 लोगों का सर्वेक्षण किया: ऑस्ट्रेलिया (250), बांग्लादेश (286), ब्राज़ील (302), चिली (252), चीन (249), भारत (455), मलेशिया (262), नाइजीरिया (298), पाकिस्तान (501), फिलीपींस (309), सूडान (327), थाईलैंड (255), इंग्लैंड (254), और संयुक्त राज्य अमेरिका (291)। इस पूरे सैंपल में से अधिकांश (89.5%) लोगों ने बताया कि वे पशुओं के मास का सेवन करते हैं।
इस सर्वेक्षण में 24 प्रश्न शामिल थे, जिन्हें 14 में से हर एक देश की सामान्य आबादी के लिए उपयुक्त भाषाओं में अनुवादित किया गया। शोधकर्ताओं ने सर्वेक्षण के लिए दो तरीकों का इस्तेमाल किया: शोधकर्ताओं ने 11 देशों में सार्वजनिक स्थानों पर लोगों का यादृच्छिक रूप से चयन करके उनका आमने-सामने सर्वेक्षण किया; तीन देशों में, शोधकर्ताओं ने ऑनलाइन सर्वेक्षण किया।
अध्ययन का एक प्रमुख परिणाम यह था कि बांग्लादेश को छोड़कर सभी देशों के अधिकांश प्रतिभागी इस कथन से सहमत थे कि, “मेरे लिए यह महत्वपूर्ण है कि वध के दौरान पशुओं को कोई पीड़ा न हो।” शोधकर्ताओं ने इस परिणाम को इस बात का प्रमाण माना कि पशुओं के प्रति करुणा लगभग एक सार्वभौमिक मानवीय गुण है।
देशों के बीच एक अन्य समानता यह थी कि देशों में पशुवध के बारे में जानकारी का अभाव था। उदाहरण के लिए, थाईलैंड (42%), मलेशिया (36%), इंग्लैंड (36%), ब्राजील (35%), और ऑस्ट्रेलिया (32%) में लगभग एक तिहाई प्रतिभागियों ने यह उत्तर दिया कि उन्हें नहीं पता कि वध के समय पशु पूरी तरह से होश में थे या नहीं। इसके अतिरिक्त, अमेरिका में लगभग 78% प्रतिभागियों को विश्वास था कि वध से पहले पशुओं को बेहोश नहीं किया गया था, हालाँकि वध से पहले पशु को बेहोश करना कानून के तहत आवश्यक है और संयुक्त राज्य अमेरिका में नियमित रूप से इसकी पालना की जाती है। शोधकर्ताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया कि पशुवध के बारे में व्यापक भ्रम के बावजूद आम जनता खाद्य प्रणाली (जैसे, उत्पादक, खुदरा विक्रेता और सरकार) पर काफ़ी भरोसा करती है।
पशुवध के बारे में लोगों की धारणाएँ विभिन्न देशों में भिन्न-भिन्न थीं। पशुवध के निम्नलिखित प्रत्येक पहलू में, प्रतिभागियों ने अपनी सहजता, विश्वास या प्राथमिकता को 1-7 के पैमाने पर मूल्यांकित किया:
- पशुवध करने में सहजता—थाईलैंड में सबसे कम सहजता (1.6) थी; पाकिस्तान में सबसे अधिक (5.3) थी।
- यह विश्वास कि वध से पूर्व पशु को बेहोश करना उसके लिए बेहतर है—पाकिस्तान में यह विश्वास सबसे कम (3.6) था; चीन में यह विश्वास सबसे अधिक (6.1) था।
- यह विश्वास कि वध से पूर्व पशु को बेहोश करने से उसका स्वाद (अर्थात् “मांस” का स्वाद) कम हो जाता है—ऑस्ट्रेलिया में यह विश्वास सबसे कम (2.1) था; पाकिस्तान में यह विश्वास सबसे अधिक (5.2) था।
- वध से पहले बेहोश किए गए पशुओं को खाने की प्राथमिकता—बांग्लादेश में सबसे कम प्राथमिकता (3.3) थी; चिली में सबसे अधिक (5.9) थी।
- धार्मिक तरीकों से वध किए गए पशुओं को खाने की प्राथमिकता (अर्थात वध के समय पशु को पूरी तरह से होश में रखने के धार्मिक कारण)—ऑस्ट्रेलिया में सबसे कम प्राथमिकता (2.6) थी; बांग्लादेश में सबसे अधिक (6.6) थी।
शोधकर्ताओं ने यह सुझाव दिया कि विश्वासों में भौगोलिक अंतर जटिल सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक कारकों को प्रतिबिंबित करता है। सांस्कृतिक कारक का एक उदाहरण चीन के गीले बाज़ारों में जाना है। धार्मिक कारक का एक उदाहरण मुस्लिम-बहुसंख्यक देशों में हलाल वध की व्याख्या है। एक आर्थिक कारक विकासात्मक स्थिति है: बांग्लादेश जैसे उच्च गरीबी वाले देशों में, मानव भूख को दूर करने की चिंता पशु कल्याण की चिंता से अधिक महत्वपूर्ण हो सकती है।
कुल मिलाकर, पशुवध के बारे में ज्ञान और धारणाएँ स्थानीय स्तर पर अलग-अलग थीं—हालांकि वध के दौरान पशुओं की पीड़ा को कम करने की चिंता 14 में से 13 अध्ययनों में समान थी।
यह अध्ययन विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में पशुवध के बारे में लोगों की धारणाओं की उपयोगी तुलना प्रस्तुत करता है। हालाँकि, इस अध्ययन की कई सीमाएँ थीं। पहली, परिणाम सामाजिक वांछनीयता पूर्वाग्रहसे प्रभावित हो सकते हैं। दूसरी, प्रतिभागियों की जनसांख्यिकी देशों की समग्र जनसंख्या से भिन्न हो सकती है। उदाहरण के लिए, ऑस्ट्रेलिया के 23% प्रतिभागियों का कहना था कि वे जानवर नहीं खाते, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की कुल आबादी का केवल 12% हिस्सा ही जानवरों को नहीं खाता है। तीसरी सीमा यह है कि अध्ययन उप-संस्कृतियों और उप-क्षेत्रों (जैसे, ग्रामीण बनाम शहरी क्षेत्रों) को समझने में विफल रहा है। और चौथी यह कि सर्वेक्षण के अनुवाद में समस्याएँ हो सकती हैं क्योंकि पशु कल्याण से संबंधित भाषा में सूक्ष्म—परन्तु महत्वपूर्ण— अंतर हैं।
इन सीमाओं के बावजूद, यह अध्ययन दर्शाता है कि पूरे विश्व में लोगों को पशुवध के बारे में शिक्षित करने की आवश्यकता है। प्रभावी शिक्षा के लिए, पशु अधिवक्ताओं को क्षेत्रीय मान्यताओं को समझने और स्थानीय सहयोग बनाने की आवश्यकता है। स्थानीय लोगों से संपर्क करते समय, पशु अधिवक्ता इस साधारण और साझे विश्वास पर ज़ोर दे सकते हैं कि वध के दौरान पशुओं की पीड़ा को कम करना महत्वपूर्ण है। वे पशु कल्याण से संबंधित क्षेत्रीय भाषा पर भी विशेष ध्यान दे सकते हैं। इस सम्मानजनक, सहयोगात्मक दृष्टिकोण के तहत, पशु अधिवक्ता विशिष्ट स्थानों और देशों में पशुवध और बेहोश करने की प्रथाओं की वास्तविकता के बारे में सटीक जानकारी प्रदान कर सकते हैं।
https://doi.org/10.3389/fanim.2023.1141789

